रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज कस्बे में नव निर्मित बाईपास पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शुक्रवार को दो बाइक सवार आपस में भिड़कर घायल हो गए। इससे खफा नागरिकों ने हाईवे जाम कर दिया। कहा कि कई बार एनएचएआई से बाईपास पर ब्रेकर बनवाने की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। सीओ सिटी के मौके पर पहुंचने पर नागरिक शांत हुए। इस दौरान करीब आधा घंटे बाईपास पर आवागमन ठप रहा।
थाना क्षेत्र के दरियापुर निवासी धीरज (17) पुत्र गोवर्धन और बाबा का पुरवा मजरे गढ़ी मुतवल्ली निवासी सुजीत (20) पुत्र भोला बाईपास पर कोडर जहॉनपुर गांव के पास आसपास में टकराकर घायल हो गए। घायलों को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
मुंशीगंज कस्बा निवासी बीरेंद्र कुमार अग्रहरि, ओम प्रकाश साहू, राजनारायण अग्रहरि, सुनील कुमार अग्रहरि ने बताया कि बाईपास पर आवागमन इसी महीने शुरू कराया गया है। आए दिन हादसे हो रहे हैं। कहा कि कोडर जहानपुर गांव के पास स्पीड ब्रेकर बनवाए जाए, ताकि इस तरह की घटनाएं न हो सके।
हाईवे जाम होने की जानकारी सीओ गोपीनाथ सोनी, एसओ राजकुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। नागरिकों को समझा कर शांत कराया। कहा कि अफसरों से बात कर स्पीड ब्रेकर बनवाए जाएंगे, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।