जिले में विज्ञान की छुपी प्रतिभाओं में निखार लाने के लिए मंगलवार को जीआईसी मैदान में विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में 200 स्कूलों के बच्चों ने मॉडल के माध्यम से छुपी प्रतिभा को सबके सामने रखा।
एफजीआईईटी के छात्र-छात्राओं ने अपने मॉडल हवाई जहाजों को हवा में उड़ाकर सबको आश्चर्य चकित कर दिया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि हायर एजूकेशन स्तर पर छात्रों को भी सहूलियत प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विज्ञान मानव ज्ञान को पूर्णता की ओर ले जाता है और मानव जीवन को सुगम बनाता है। बिना विज्ञान के देश को तरक्की के रास्ते पर नहीं ले जा सकता है।
मंत्री ने कहा कि देश में वैज्ञानिक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बछरावां विधायक रामलाल अकेला ने प्रदर्शनी की प्रशंसा की।
प्रमुख सचिव हिमांशु कुमार ने कहा कि विज्ञान शिक्षा में छात्रों की रुचि जाग्रत करना, उसको विकसित करना, अनुसंधान को बढ़ाना, और वैज्ञानिक सिद्धांतों के अधीन प्रतिभाओं को खोजकर आगे बढ़ाने के लिए यह आयोजन किए जा रहे हैं।
डीएम सूर्यपाल गंगवार ने सभी प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षकों को धन्यवाद दिया। इस मौके पर 300 छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
संयुक्त सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आईडीराम, डॉ. एमए सिद्दीकी, आरपी शर्मा, एसपी श्रीकांत सिंह, सीडीओ अनूप कुमार, राम बहादुर यादव, राम सेवक वर्मा, रवींद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।