रायबरेली। सलोन के कमलापुर गांव में गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन देने के बाद मिले मुआवजे के करीब 3.58 लाख रुपये किसानों के खाते से कई तारीखों में निकाल लिए गए।
मंगलवार को किसानों ने डीएम और एसपी को शिकायतीपत्र देकर बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सलोन शाखा के मैनेजर पर आरोप जड़े हैं। किसानों ने मामले में मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही रुपये वापस कराने की मांग की है।
सलोन क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी रामचंद्र, विजय कुमार, गुलाबकली, देशराज, केशलाल व बालचंद्र ने आरोप लगाया है कि बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की सलोन शाखा के मैनेजर के अनुरोध पर खाता खुलवाया था।
गंगा एक्सप्रेस-वे में जमीन जाने के बाद इसी खाते में मुआवजे की धनराशि आई थी। किसानों का आरोप है कि आठ सितंबर से 18 अक्तूबर के बीच खातों से रुपये निकाले गए।
रामचंद्र के खाते से 85 हजार, विजय कुमार के खाते से 95 हजार, गुलाबकली के खाते से 98,499, देशराज के खाते से 25 हजार, केशलाल के खाते से 43,848 और बालचंद्र के खाते से 11,847 रुपये निकाले गए हैं। किसानों का आरोप है कि मैनेजर से बात किया तो उन्होंने गोलमोल जवाब दिया।
किसानों ने मैनेजर पर ही आरोप जड़े हैं। मामले में रुपये जमा करवाने और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। डीएम ने मामले में लीड बैंक मैनेजर को जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।