रायबरेली। शहर में आशा बहुओं की कमी से सभी मोहल्लों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। शहर में 32 आशा बहुओं के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के कारण चयन नहीं हो पाया। अब चयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
इसके अलावा 276 गांवों में भी आशा बहुओं के चयन का काम जल्द ही पूरा होगा। चुनाव से पहले 48 आशा बहुओं के चयन का काम पूरा होने के बाद उन्हें प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शहर के साथ ही सभी गांवों में पर्याप्त आशा बहुओं की व्यवस्था होने के बाद गांव स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में 2837 आशा बहुओं की जरूरत है, लेकिन 2561 आशा बहुएं ही काम कर रही हैं। ऐसी स्थिति में 276 गांवों में आशा बहुएं न होनेे के कारण लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसी तरह शहर के सभी मोहल्लों में भी आशा बहुएं न होने के कारण विभाग का नेटवर्क सभी घरों तक पहुंच नहीं रहा है। शहरी क्षेत्र में 32 आशा बहुओं के चयन के आदेश दिए गए थे।
शहर व गांवों को मिलकर 308 आशा बहुओं के चयन का काम शुरू हुआ था, लेकिन विधानसभा चुनाव के कारण चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।
ग्रामीण क्षेत्रों में 48 आशा बहुओं के चयन का काम ही पूरा हो पाया था। चुनाव खत्म होने के बाद चयन की प्रक्रिया का काम पूरा कराया जाएगा।
आवेदन आ गए थे, चुनाव के कारण चयन में देरी : विनय
एनएचएम के जिला शहरी समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 32 आशा बहुओं के चयन की प्रक्रिया चुनाव के पहले ही शुरू करा दी गई थी। आवेदन भी आ गए थे, लेकिन विधानसभा चुनाव की घोषणा हो जाने के बाद चयन प्रक्रिया रोक दी गई थी। आचार संहिता खत्म होने के बाद जल्द ही चयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।
कहां कितनी आशा बहुओं का होगा चयन
ब्लॉक आशा का चयन
शहर 32
अमावां 05
बछरावां 15
राही 18
डलमऊ 37
गौरा 11
डीह 31
हरचंदपुर 01
जगतपुर 06
सतांव 18
खीरों 09
लालगंज 08
महराजगंज 12
नसीराबाद 10
सलोन 18
सरेनी 20
शिवगढ़ 10
ऊंचाहार 38
रोहनियां 09
कुल 308
शहर की 32 आशा बहुओं को लेकर 308 आशा बहुओं के चयन की प्रक्रिया जल्द ही पूरी होगी। विधानसभा चुनाव के कारण काम प्रभावित था। अछूते गांवों में आशा बहुएं न होने के कारण संबंधित क्षेत्रों से नेटवर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है।
- डॉ. वीरेंद्र सिंह, सीएमओ