रायबरेली। जिले में पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीनों से खाद का वितरण शुरू होने के बाद खाद विक्रेताओं की मनमानी उजागर होने लगी है।
शासन स्तर पर हुई समीक्षा में जिले की सात साधन सहकारी समितियों समेत खाद के 16 दुकानदारों ने एक-एक किसान को 100-100 बोरी खाद बेच दी है। मनमानी पकड़ में आने के बाद शासन ने गंभीर रुख अपनाया है। सभी दुकानदारों को नोटिस देकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिले में खाद की सभी दुकानों पर पीओएस मशीन से किसानों की पहचान कर खेत के हिसाब से खाद देने के आदेश हैं। दुकानदार थोक में खाद की बिक्री नहीं कर सकते हैं, लेकिन शासन स्तर पर इसकी समीक्षा की गई तो जिले में मनमानी पकड़ में आ गई।
एक-एक किसानों को 100-100 बोरी खाद बेचने का मामला पकड़ में आया है। मनमानी मिलने पर शासन ने गंभीर रुख अपनाया है। शासन के निर्देश पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
इन दुकानदारों ने थोक में बेची खाद
जिले की साधन सहकारी समिति डीह, पश्चिमगांव, डिघिया, छतोह, गोविंदपुर माधव, साई, परैया नमकसार, पीसीएफ कृषक सेवा केंद्र रानीखेड़ा, शिवगढ़, निहस्था, इफ्को कृषक सेवा केंद्र बछरावां, आईएफएफडीसी कृषक सेवा केंद्र इचौली, यादव ट्रेडर्स थुलवासा, भदौरिया ट्रेडर्स लालगंज, जायसवाल खाद भंडार जोहवाशर्की, आजाद खाद भंडार जोहवाशर्की ने एक-एक किसान को सौ-सौ बोरी खाद बेची है।