रायबरेली। खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रमुख सचिव व जिले के नोडल अधिकारी नवनीत सहगल ने शुक्रवार को बचत भवन में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान प्राथमिक स्कूल मलिकमऊ चौबारा में एमडीएम का 119 क्विंटल राशन डकारने के मामले में संबंधित प्रधान व अन्य के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए। इसके अलावा डूडा से निर्माणाधीन नाली व बने आवासों की गुणवत्ता खराब मिलने पर डीएम को टीम बनाकर जांच कराने के आदेश दिए।
प्रमुख सचिव ने बचत भवन में विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सतांव ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल मलिकमऊ चौबारा में एमडीएम का 119 क्विंटल राशन डकारने का मामला उठा। प्रमुख सचिव ने बीएसए को संबंधित प्रधान समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर रिपोर्ट देने के आदेश दिए।
डीसी मनरेगा, सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता सहित अन्य कार्यदायी विभागों के अधिकारियों के पेच कसते हुए समय से लक्ष्य पूरा करने के आदेश दिए। प्रमुख सचिव ने सर्किट हाउस के सामने निर्माणाधीन पेयजल परियोजना के काम को भी तत्काल पूरा कराने के आदेश दिए।
शहर में निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने पाया कि जल निगम कार्यों को पूर्ण होने के बाद सड़कों को खुदी छोड़ दे रहे हैं। इस मामले में जल निगम के अधिशासी अभियंता जनार्दन सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश दिए और कहा कि सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त करा दी जाए।
नाली निर्माण की गुणवत्ता मिली खराब
प्रमुख सचिव ने शहर के रतापुर के पास गोवंश के आश्रय के लिए बन रहे जर्सी प्रजनन केंद्र, व जफरापुर में आईएचएसडीपी फेज-3 से बने आवासों की गुणवत्ता की जांच की। निर्माणाधीन नाली की गुणवत्ता खराब मिली। आवास भी जर्जर मिले। इसके अलावा अन्य काम भी मानक के अनुरूप नहीं मिला। डूडा के परियोजना अधिकारी एसके मिश्रा ने प्रमुख सचिव को बताया कि निर्माण इकाई सीएंडडीएस के अधिकारियों व ठेकेदार को कई बार पत्र जारी किया गया, लेकिन सुधार नहीं आया। मामले में प्रमुख सचिव ने डीएम को टीम बनाकर कार्यों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए।
इनसेट
प्रमुख सचिव ने स्पीड रडार का किया उद्घाटन
त्रिपुला स्थित फिरोज गांधी पॉलिटेक्निक में स्पीड रडार का उद्घाटन करने के साथ ही प्रमुख सचिव सड़क सुरक्षा कार्यशाला में शामिल हुए। कहा कि सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा के लिए स्पीड रडार निश्चय ही आमजन को सड़क दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक करेगा। इसे गाड़ी की स्पीड व नंबर की जानकारी हो जाएगी। एसडीएम सदर ने स्पीड रडार के संबंध में पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी दी।