रायबरेली। पशुपालकों को कारोबार बढ़ाने के लिए अब तीन लाख रुपये तक किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा मिलेगी। शुक्रवार से पशुपालन विभाग जिले के 19,728 पशुपालकों को केसीसी जारी करवाने के लिए कैंप लगवाएगा। 15 फरवरी तक विभाग को लक्ष्य के सापेक्ष काम पूरा कराना है।
पशुपालन विभाग की ओर से पिछले साल किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने का काम शुरू किया गया था। 11 हजार से अधिक आवेदन बैंक शाखाओं को भेजे गए थे, जिसमें मात्र 1042 पशुपालकों को ही केसीसी जारी हो सकी है। इस बार
शासन ने हर शुक्रवार को ब्लॉकों में कैंप लगाकर मौके पर ही पशुपालकों को केसीसी पास करवाने का आदेश दिया है। जिले में 19,728 पशुपालकों को लाभान्वित करने का लक्ष्य है। पशु, मुर्गी, मछली पालकों को इसका लाभ मिलेगा।
पहले से केसीसी बनवा चुके पशुपालक भी पाएंगे लाभ
खेती किसानी के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बनवा चुके पशुपालक भी केसीसी बनवाने के लिए कैंप में आवेदन कर सकते हैं। पशुपालन के लिए अलग से उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे। कैंप में बैंक शाखाओं के अधिकारियों के साथ ही पशु चिकित्सा अधिकारी और विभाग के नोडल अधिकारी शामिल होंगे। आवेदन के बाद पशुपालक के आवेदन को तुरंत कैंप में ही स्वीकृत भी करने की व्यवस्था की गई है।
जिले के 19 हजार से अधिक पशुपालकों को 72 हजार से लेकर तीन लाख रुपये तक किसान क्रेडिट कार्ड जारी कराने का लक्ष्य मिला है। सप्ताह के हर शुक्रवार को सभी ब्लॉकों में कैंप आयोजित होंगे। कैंप में ही केसीसी स्वीकृत किया जाएगा। शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
- गजेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी