पुलिस लाइंस परिसर में सोमवार को 1631 मेधावियों के हाथों लैपटॉप मिले तो वह खुशी से झूम उठे। कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय को हाथों लैपटॉप पाकर सभी ने यूपी के मुखिया अखिलेश यादव की तारीफ की। मंत्री डॉ. पांडेय ने कहा कि उप्र सरकार ने सभी वर्गों के लिए कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने विकसित समाज की स्थापना का संकल्प लिया है, जिसके लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मेधावी बच्चों को लैपटॉप मिलने से उनको उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
पुलिस लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में डीएम अनुज कुमार झा ने कहा कि छात्र-छात्राएं लैपटॉप का सद्पयोग करें और पढ़ लिखकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करें। लैपटॉप मिलने से शिक्षा से जुड़ी उन्हें कई जानकारियां हासिल करने में आसानी हो सकेगी।
मेधावी बच्चों को दिये जाने वाले लैपटॉप उनके भविष्य की चाभी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015-16 के 10वीं एवं 12 वीं के छात्र-छात्राओं को मेरिट के आधार पर लैपटॉप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में एनएसपीएस, बीएसएस, विबग्योर पब्लिक समेत अन्य स्कूलों के छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिया गया।
इस मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक विनय मोहन वन भी मौजूद रहे। लैपटॉप पाने वाली छात्राएं अनुवर्तिका पांडेय, दीपशिखा, अमिता, अंजली चौधरी, अंशिका वर्मा, ध्रवी वर्माका कहना था कि लैपटॉप उच्च शिक्षा में काफी सहायक होगा। सीएम अखिलेश यादव का यह प्रयास सराहनीय है।
जैनब ने पहली बार अपने हाथों में लैपटॉप थामा था। कहा कि, वे सबसे पहले घर के सभी सदस्यों को कंप्यूटर के बारे में जानकारी देगी। उच्च शिक्षा में ये लैपटॉप काफी सहायक होगा। सृष्टि खरकवाल, फिजा खान और रिचा सिंह का कहना है कि इस योजना से वे अपने सपने साकार करने में सफल होंगी।
रिचा ने बताया कि वे बहुत दिनों से लैपटॉप चलाना चाहती थी। आज लैपटॉप पाकर खुशी मिली है। सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज की टॉपर दीपिका अग्निहोत्री का कहना है कि लैपटॉप का उपयोग पढ़ाई के लिए करुंगी।