रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत, दो महिला सिपाही समेत सात घायल
ऊंचाहार (रायबरेली)। इलाहाबाद से लखनऊ जा रही रोडवेज की बस और एक ट्रक में भिड़ंत हो गई, जिससे बस में सवार दो महिला सिपाही समेत सात लोग घायल हुए। बस में उस समय कुल 45 लोग सवार थे। यह हादसा दोपहर बाद लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर कबीर बाबा चौराहे के पास हुआ।
इलाहाबाद से लखनऊ जा रही प्रयाग डिपो की बस को चौराहे के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इससे ट्रक बस के दाहिने तरफ भिड़ गया। इससे बस में बैठे लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बस खड़ी हो गई, लेकिन ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। हादसे में उतरांव थाना जनपद इलाहाबाद में तैनात महिला सिपाही विद्यावती निवासी गाँव बिन्नवा थाना जगतपुर और कीर्ति वर्मा निवासी सेंहगोगांव थाना बछरावां घायल हो गई। इसके अलावा बाबूराम निवासी दीदारगंजगंज जनपद आजमगढ़ भी घायल हुए है। यह आजमगढ़ जनपद के भाजपा के जिला उपाध्यक्ष हैं। अनिल कुमार निवासी इलाहाबाद भी घायल हुए। घायलों में महिला सिपाही विद्यावाती, कीर्ति और बाबूराम को सीएचसी लाया गया है। जबकि अनिल कुमार को एनटीपीसी अस्पताल ले जाया गया। एनटीपीसी मेें अनिल कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। बस में सवार दो अन्य सवारियां को भी मामूली चोट आई, लेकिन उनका इलाज यहां नहीं हुआ। एसओ धनंजय सिंह का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, परिवार के तीन लोग गंभीर
सरेनी (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। क्षेत्र के रहने वालेकमलेश कुमार परिवार समेत बाइक से घर जा रहे थे। खोया मंडी सरेनी के पास गन्ने की लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट जाने से कमलेश (40), उसकी पत्नी मंजू (35) व बेटा बबुआ (3) चपेट में आकर उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। 108 एंबुलेंस न पहुंचने से लोगों में नाराजगी रही। एसओ सुधीरचंद्र पांडेय का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत
राही (रायबरेली)। भदोखर थाना क्षेत्र में बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई। पूरे रामदास मजरे रायपुर महेरी गांव निवासी मोहनलाल (50) किसानी करता था। रात में सड़क किनारे किसी काम से गया था। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। एसओ अशोक त्रिपाठी का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।