अपने अधिकारों को पहचानें प्रधान और बीडीसी
डीह (रायबरेली)। ब्लॉक मुख्यालय में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। जिसमें ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विकास कार्यों पर चर्चा की। मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजाधर सिंह ने कहा कि सभी ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने अधिकारों को पहचाने और अपने गांवों में स्वच्छता अभियान व शिक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। जब समाज शिक्षित होगा, तभी नव भारत का निर्माण किया जा सकेगा।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख उदय विक्रम सिंह ने कहा कि सभी ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने गांवों में विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दें, जिससे गांव का विकास हो। उन्होंने बैठक में आधा दर्जन विभागों के अधिकारियों के उपस्थित न होने पर नाराजगी जताई और निंदा प्रस्ताव पारित किया। खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अध्यक्षता कर रहे प्रधान संघ अध्यक्ष रंजीत सिंह ने सभी का आभार जताया। संचालन कर रहे सहायक विकास अधिकारी जितेंद्र सिंह ने भी सभी ग्राम प्रधानों को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय निर्माण पर जोर देने को कहा। बैठक में रामू मिश्रा, राज कुमार सिंह, राजेंद्र प्रताप सिंह, महेश यादव, ताज मोहम्मद, मोबीन अहमद, रामहेत आदि उपस्थित रहे।