रिजल्ट आने तक मतगणना स्थल पर डटे रहे प्रत्याशी
रायबरेली। जिले भर की निकायों के लिए शुक्रवार को हुई मतगणना में प्रत्याशियों ने अपना रिजल्ट आने तक मोर्चा नहीं छोड़ा। सभासद और सदस्य पद के प्रत्याशियों के जैसे-जैसे परिणाम आते रहे, वैसे-वैसे उन्हें और उनके मतगणना एजेंट को बाहर किया जाता रहा। अध्यक्ष पद के लगभग सभी प्रत्याशी अंतिम समय तक डटे रहे। मुख्य लड़ाई वाले प्रत्याशी तो एक पल के लिए भी इधर से उधर नहीं हुए। जिन प्रत्याशियों को हार का अंदाजा हो चुका था, उनमें भी ज्यादातर लोग माहौल लेने के लिए मतगणना स्थल पर ही मौजूद रहे।
जिले में एक नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों को मिलाकर अध्यक्ष पद के नौ पदों पर चुनाव हुआ था। जिसके लिए 101 प्रत्याशी मैदान में थे। इसी तरह सभासद और सदस्य के 127 पदों के लिए 701 प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के प्रति आश्वस्त थे। सभी प्रत्याशियों और पोलिंग एजेंटों की नजर मतगणना की हर गतिविधि पर लगी रही। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए जीआईसी में हो रही मतगणना में दोपहर लगभग 2.30 बजे तक ज्यादातर प्रत्याशी डटे रहे। इसके बाद हो-हल्ला हुआ तो कुछ निर्दलीय अपनी हार को पक्का मानकर पोलिंग एजेंटों को लेकर चले गए, जबकि प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के साथ ही अपनी जीत की उम्मीद लगाए निर्दलीय प्रत्याशी अंतिम समय तक मतगणना स्थल में ही डटे रहे। सभासदों के परिणाम जैसे-जैसे घोषित होते रहे, वैसे-वैसे संबंधित वार्ड के प्रत्याशियों को बाहर किया जाता रहा। दूसरी तरफ निकायों में सदस्य पद के प्रत्याशियों को थोड़ी-थोड़ी देर में रिजल्ट आने के कारण बाहर किया जाता रहा। अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के परिणाम भी लगभग 2 बजे तक आ गए, जिससे अध्यक्ष पद पर दांव लगाने वाले सभी प्रत्याशी अंतिम समय तक डटे रहे। जीतने वाले प्रत्याशी के साथ उनके समर्थक खुशी मनाते हुए देखे गए तो हारने वाले प्रत्याशी को मायूस होकर घर लौटना पड़ा। उनके समर्थक भी साथ छोड़ते नजर आए। हारने वाले प्रत्याशियों के कुछ समर्थक रिजल्ट आने के बाद जीतने वाले प्रत्याशी के खेमे में भी नजर आए।