रायबरेली। आचार संहिता उल्लंघन व रात में वोटरों को प्रभावित करने के प्रत्याशियों के मंसूबों पर पानी फेरने के लिए लगी सर्विलांस टीमें लापरवाह हैं।
विधानसभा चुनाव में लगाए गए प्रेक्षक के निरीक्षण किया तो 12 सतर्कता टीमों में महज एक ही टीम मौके पर काम करती मिली। अन्य टीमें रात में तय स्थानों पर काम करती नहीं मिलीं। मामले में प्रेक्षक ने नाराजगी जताई है, जिसको लेकर रिटर्निंग ऑफिसर ने चेतावनी नोटिस जारी किया है।
विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों पर नजर रखने के लिए स्टैटिक सर्विलांस टीम, फ्लाइंग स्क्वायड टीम और वीडियो सर्विलांस टीमों को लगाया गया है।
टीमों को रात में भी अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके लिए स्थल भी तय किए गए हैं जहां इन टीमों को रहकर काम करना है।
ऊंचाहार और सदर विधानसभा के प्रेक्षक ने रात में क्षेत्र में निरीक्षण किया तो सच्चाई सामने आ गई। निरीक्षण के दौरान प्रेक्षक को 12 में से मात्र एक सर्विलांस टीम मकदूमपुर पुलिस चौकी में कार्यरत मिली है।
निरीक्षण में सदर व ऊंचाहार क्षेत्र में प्रेक्षक को अन्य सर्विलांस टीमें कार्यरत नहीं मिलीं। इसको लेकर प्रेक्षक ने नाराजगी जताई है। मामले में रिटर्निंग ऑफिसर/ एसडीएम ऊंचाहार राजेश कुमार ने सभी स्टैटिक सर्विलांस टीम, सभी फ्लाइंग स्क्वायड टीम और सभी विडियो सर्विलांस टीमों को चेतावनी नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।
एसडीएम ने बताया कि प्रेक्षक ने रात में निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान सर्विलांस टीमें क्षेत्र में तय स्थानों पर उपलब्ध नहीं मिलीं थी। मामले में प्रेक्षक के निर्देश पर सभी सर्विलांस टीमों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।