बाघराय थाना क्षेत्र के पचमहुआ में शुक्रवार की रात निमंत्रण से घर लौट रहे किसान महेश पाल उर्फ मैकूलाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। पुलिस ने मृतक के भाई व भतीजे को हिरासत में लिया है। पचमहुआ सोतीकपुरवा गांव निवासी महेश पाल उर्फ मैकूलाल (58) शुक्रवार की शाम साइकिल से डीह गांव में रमेश पाल के यहां निमंत्रण में शामिल होने गया था।
देर रात वह घर लौट रहा था। घर से कुछ पहले ही नहर के पास कुछ लोगों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। शव नहर के करीब खेत में ही छोड़कर हत्यारे भाग निकले। मैकूलाल के घर न पहुंचने पर परिजन रात में उसकी तलाश करने निकले। नहर के करीब शव देख परिजन रोने बिलखने लगे। गांव के लोग शव लेकर घर आए। जहां लोगों ने मैकूलाल की कनपटी व सीने में गोली लगी देखी।