खेत में शौच करने से मना करने पर पड़ोसियों ने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गांव के लोगों के पहुंचने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। परिजनों ने प्राथमिक उपचार के लिए युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख उसे एसआरएन प्रयागराज के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही ले जाते वक्त युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
लीलापुर थाना क्षेत्र के पूरनपुर खजूर जमालपुर गांव के रामराज उर्फ एंथोनी (45) ने सरसों की बोआई के लिए किराये पर जमीन ली थी। वह अपने भांजे सचिन वर्मा निवासी इब्राहिमपुर के साथ बृहस्पतिवार सुबह खेत में बोआई करने गया था। गांव के ही आकाश वर्मा और संजय कोरी खेत में शौच कर रहे थे। मना करने पर आरोपियों ने दोनों से मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान अन्य साथी राकेश पांडेय, सोनू पाल ने रामराज पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। जिससे वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया। आनन-फानन में परिजन घायल को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां से हालत गंभीर देख उसे एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया गया। लेकिन, रास्ते में ही रामराज की सांस थम गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पत्नी फोटो देवी की तहरीर के आधार पर आरोपी आकाश, संजय, राकेश व सोनू पाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। लीलापुर पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद से ही आरोपियों के परिजन भी फरार हो गए हैं।