बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत हो गई। हादसे में घायल दो कांवड़ियों को ट्राॅमा सेंटर से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिजनों में चीख पुकार मच गई।
लालगंज कोतवाली के सोहागपुर के अंकित विश्वकर्मा (22) रविवार की शाम करीब सात बजे बाइक से स्थानीय बाजार जा रहे थे। वहीं सांगीपुर थाना क्षेत्र के सरुआ राजकुमार (23) और श्यामू सरोज (17) बाइक से कावड़ में गंगाजल भरने के लिए मानिकपुर घाट जा रहे थे। लालगंज के बरीबोझ गांव के समीप दोनों बाइक आपस मेें टकरा गई। हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। राजकुमार और श्यामू गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों को ट्राॅमा सेंटर ले आई। चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। दोनों कांवड़ियों का प्राथमिक उपचार करने के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन ट्राॅमा सेंटर पहुंचकर रोने बिलखने लगे। लालंगज कोतवाली प्रभारी नीरज यादव ने बताया कि घायलों का उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।