वैवाहिक कार्यक्रम में टेंट लगाने के दौरान लोहे की पाइप एचटी लाइन से टकराने के कारण करंट की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक का शव घर पहुंचने के बाद कोहराम मच गया।
सांगीपुर इलाके के ओरीपुर गांव में सोमवार की शाम वैवाहिक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया जा रहा था। नौगीर गांव निवासी रमेश (21) लोहे की पाइप से लगाकर शादी का पांडाल तैयार कर रहा था। जहां पांडाल लगाया जा रहा था, ठीक उसके बगल से एचटी लाइन गुजरी है। टेंट लगाते समय अचानक लोहे की पाइप एचटी लाइन से टकरा गई। इससे रमेश करंट की चपेट आकर तड़पने लगा।
यह देखकर वहां हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी तरह उसे तार से अलग किया लेकिन, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी। इस बीच उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से पूछताछ के बाद परिजनों को घटना की सूचना देकर शव कब्जे में ले लिया। रमेश की मौत से उसके घर में कोहराम मचा है।