दिलीपपुर थाना क्षेत्र के शिवसत गांव में युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह फंदे पर युवक को झूलते देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर कार्रवाई की।
शिवसत निवासी निर्भय सिंह की दो बेटियां हैं। छोटी बेटी अपने ससुराल में रहती है। बड़ी बेटी सुनीता सिंह की शादी अमेठी के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के सरैया गांव में हुई। करीब डेढ़ साल पहले उसके पति शैलेंद्र की बीमारी के कारण मौत हो गई। वह बेटे प्रांजल (25) और प्रभात के साथ मायके में रहने लगी। बृहस्पतिवार की शाम प्रांजल अपने दोस्तों के साथ दिलीपपुर बाजार से लौटा। भोजन करके अपने कमरे में चला गया। सुबह करीब आठ बजे तक कमरे का दरवाजा न खुलने पर परिजन परेशान हो गए। मां ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका पर दरवाजा तोड़ दिया गया। कमरे के अंदर युवक पंखे के चुल्ले के सहारे फंदे से लटकता मिला। बेटे का शव देख मां चीखने चिल्लाते हुए रोने लगी। शोर होने पर ग्रामीण भी जुटने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी आनंदपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चल सकेगा।