शौच करके घर लौट रही गर्भवती महिला को इनोवा कार टक्कर मारते हुए पलट गई। इस दौरान गंभीर रूप से घायल महिला को उसके परिजन अस्पताल लेकर भागे। सीएचसी कुंडा से उसे रेफर कर दिया गया। एसआरएन में पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। इधर ग्रामीणों ने दोपहर में पुलिस के गाड़ी उठाने से मना कर दिया। हालांकि बाद में समझाने-बुझाने पर वह मान गए।
कोतवाली क्षेत्र के पिंगरी निवासी रामनाथ ने अपनी पुत्री रीता (28) की शादी साल भर पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के हुलासराय का पुरवा गांव निवासी रामफेर पुत्र नत्थू के साथ की थी। इन दिनों वह गर्भवती थी और होली करने के लिए अपने मायके आई थी। सुबह वह शौच से लौट रही थी। घर के पास ही वह जैसे ही सड़क तक पहुंची।
दूसरी तरफ से आ रही इनोवा कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद उसे चपेट में लेते हुए पलट गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। शोर-शराबे पर गांव के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना देते हुए रीता को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल लेकर भागे। कुंडा सीएचसी में उसकी हालत गंभीर देख रेफर कर दिया गया। एसआरएन में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक रामबाबू यादव को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस इनोवा को कोतवाली ले आना चाहा तो ग्रामीणों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। काफी देर बाद पुलिस के समझाने के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने इस दौरान अपने पास से उनके रिश्तेदारों को दाह संस्कार के लिए पैसे भी दिए।