इंतजार की घड़ियां खत्म। 26 उम्मीदवारों में प्रतापगढ़ का नया सांसद कौन होगा, जनता का फैसला आज सार्वजनिक हो जाएगा। महुली मंडी में होने वाली मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगा।
कौशाम्बी संसदीय सीट के कुंडा और बाबागंज विधानसभा के मतों की गणना 24 राउंड और कुंडा विधानसभा के मतों की गणना 26 राउंड में होगी। प्रतापगढ़ संसदीय सीट के रामपुरखास की गणना 15, सदर की 17, पट्टी, रानीगंज की गणना 18-18 राउंड और विश्वनाथगंज की मतगणना 19 राउंड में पूरी हो जाएगी। साढ़े आठ बजे के बाद रूझान आना प्रारंभ हो जाएगा और दोपहर बारह बजे तक परिणाम आ जाएगा और दोपहर दो बजे तक विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र दे दिया जाएगा।
सोमवार की शाम तक प्रशासन ने मतगणना स्थल की व्यवस्थाएं दुरुस्त करवा दी थीं। मतगणना का परिणाम जल्दी आए, इसके लिए चुनाव आयोग की मंजूरी मिलते ही टेबल की संख्या बढ़ाकर 22-22 कर दी गई है। जबकि कौशाम्बी संसदीय सीट के कुंडा और बाबागंज में 14-14 टेबल लगाई गई हैं। इससे परिणाम जल्दी आने के आसार रहेंगे।
सोमवार को आरओ और एआरओ अपने-अपने पंडाल में पहुंचकर लाउडस्पीकर, कंप्यूटर सहित सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे। सुबह आठ बजे से प्रारंभ होने वाली मतगणना का रुझान साढ़े आठ बजे से आना प्रारंभ हो जाएगा। कंट्रोल यूनिट से होने वाले मतों की गणना करना काफी आसान होगा। अफसरों की मानें तो पहले राउंड में आधे घंटे का समय लग सकता है, मगर इसके बाद की गणना में दस से बारह मिनट का समय लगेगा।
रामपुर खास और सदर विधानसभा की गणना पहले होगी। अगर किसी तरह का अवरोध उत्पन्न न हुआ, तो दोपहर 12 बजे तक परिणाम आ जाएगा और दो बजे तक प्रत्याशी को प्रमाणपत्र मिल जाएगा। रामपुर खास की गणना 15, सदर की 17, पट्टी , रानीगंज की गणना 18-18 राउंड और विश्वनाथगंज की मतगणना 19 राउंड में पूरी होगी।
इनसेट
पोस्टल बैलेट की पहले होगी गणना
जिले के 2883 पोस्टल बैलेट की गणना पहले प्रारंभ की जाएगी। पोस्टल बैलेट के लिए अलग से टेबल लगाई गई है। पोस्टल बैलेट के मतों की गणना के लिए कर्मचारियों की अलग से तैनाती की गई है।
इनसेट
सुबह छह बजे पहुंच जाएंगे 778 प्रशिक्षित कर्मी
मतगणना कार्मिकों को सुबह छह बजे बुलाया गया है। इससे साफ है कि दो घंटे पहले आने वाले कर्मचारियों को अभिकर्ताओं के आने का इंतजार रहेगा। मतगणना के लिए 778 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया है। इसमें से सात सौ कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जबकि दस प्रतिशत कर्मचारियों को रिजर्व में रखा जाएगा।
इनसेट
कंट्रोल रूम भेजेगा चुनाव आयोग को रिपोर्ट
विधानसभा क्षेत्रों के आरओ प्रत्येक राउंड की गणना की सूची मंडी परिषद में बने कंट्रोल रूम को मुहैया कराएंगे। कंट्रोल रूम ही चुनाव आयोग को मतगणना की प्रगति की रिपोर्ट देने के साथ ही रुझान की जानकारी सार्वजनिक करेगा। इसके लिए भारी संख्या में फोर्स और अफसरों की तैनाती की गई है।
मोबाइल लेकर नहीं घुस पाएंगे सकेंगे कर्मचारी और अभिकर्ता
प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं और मतदान कार्मिकों के मोबाइल लेकर अंदर घुसने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इससे वह गणना स्थल से प्रत्याशियों और करीबियों को रुझान की जानकारी नहीं दे पाएंगे।
वर्जन
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं। सुबह छह बजे कर्मचारियों को पहुंचने को कहा गया है। आठ बजे से मतगणना प्रारंभ हो जाएगी।
त्रिभुवन विश्वकर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी