पंपिंगसेट के गोदाम से कीमती सामान चुराकर भाग रहे चोरों ने पीछा करने पर फायरिंग भी की। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दो चोरों को दबोच लिया। पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पुलिस चोरी की बात से इनकार करते हुए मारपीट का मामला बता रही है।
नगर कोतवाली के चक्काजी निवासी निसार अहमद ने अपने खेत में पंपिंगसेट का गोदाम बना रखा है। वहां जनरेटर समेत अन्य कीमती सामान रखे गए हैं। रविवार की रात चोर उसके गोदाम का ताला तोड़कर चोरी कर रहे थे। इस बीच निसार जाग गया। चोर घुसने की आशंका पर वह पड़ोसियों के साथ पंपिंगसेट के गोदाम की ओर बढ़ा। तभी तीन चोर कुछ सामान लेकर भागते दिखे।
ग्रामीण उनके पीछे दौड़ पड़े। आरोप है कि चोरों ने इस दौरान ग्रामीणों पर फायरिंग की। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आशीष सरोज निवासी खूंटाघाट और अजीत सिंह निवासी बनवीरकाछ को दबोच लिया। दोनों की जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। चौकी प्रभारी सिटी फायरिंग व चोरी की बात से इनकार करते हुए मारपीट की घटना बताते रहे।