जिले के 38 वीडीओ ऐसेे हैं, जिनका बीते सप्ताह एक से दूसरे ब्लॉक में तबादला किया गया। इनमें से अधिकांश वीडीओ ऐसे थे, जो 15-15 वर्षों से एक ही ब्लॉक में तैनात थे। नए ब्लॉकों में तैनाती पाने वाले वीडीओ को अभी ग्राम पंचायतों का आवंटन नहीं होने से 169 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य ठप है।
ब्लॉकों में तैनात 38 वीडीओ का तबादला कर अफसरों ने साफ-सुधरा कार्य होने का संदेश तो दिया है, मगर नए वीडीओ को ग्राम पंचायतों का आवंटन नहीं होने से विकास कार्य ठप हो गए हैं। हालांकि अफसरों ने बीडीओ से आवंटन का प्रस्ताव मांगा था, मगर अभी तक अधिकांश ने प्रस्ताव ही नहीं भेजा है। जिले 38 वीडीओ के तबादले से 169 प्रधानों के समक्ष नई समस्या खड़ी हो गई है। जून माह में खाता खोलवाने वाले प्रधानों को अब दोबारा खाता खोलवाना होगा।
प्रधान वीडीओ का चयन स्वयं कर रहे हैं, ऐसे में कामकाजी वीडीओ की मांग बढ़ गई है, जबकि कामचोर और लूटखसोट करने वालों से प्रधान किनारा कर रहे हैं। ऐसे में खंड विकास अधिकारियों के सामने यह समस्या खड़ी हो गई है कि इन लोगों को किस ग्राम पंचायत में तैनात किया जाए।
फिलहाल, जब तक नए वीडीओ और प्रधान का संयुक्त खाता संचालित नहीं होता है, तब तक विकास कार्य होना संभव नहीं लग रहा है। सीडीओ प्रभाष कुमार ने बताया कि बीडीओ से प्रस्ताव मांगा गया है, जल्द ही ग्राम पंचायतों के आवंटन पर मुहर लगा दी जाएगी।