बृहस्पतिवार को रानीगंज विधायक कॉलेज का निर्माण कार्य देखने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उनके धक्का देने से पिलर व दीवार गिर गई। नींव भी ठोकर लगने से उखड़ गई थी। उन्होंने मामले की शिकायत आला अधिकारियों से की। मामला संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने निर्माण कार्यों की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है।
शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता के नेतृत्व में टीम ने इंजीनियरिंग कॉलेज के निर्माण की हकीकत खंगाली और निर्माण में प्रयुक्त ईंट व मसाले की जांच कराने के लिए सैंपल लिया। मसाले को जांच लखनऊ में होगी। जबकि ईंट की जांच लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर करेंगे।
रोक दिया गया निर्माण कार्य
बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय विधायक के धक्के से दीवार और पिलर गिरने के बाद अफसरों का शिवसत गांव में आना-जाना शुरू हो गया। जांच प्रक्रिया शुरू होने के बाद शुक्रवार को कॉलेज का निर्माण कार्य रोक दिया गया। दिनभर मजदूर अपने अस्थायी आवास में आराम करते रहे।
पहले करीबियों ने जोर लगाकर हिलाया, फिर विधायक ने मारा धक्का
बृहस्पतिवार को रानीगंज विधायक निर्माण कार्य देखने पहुंचे थे। इलाके में इस बात की चर्चा है कि विधायक के साथ आए करीबियों ने सुबह बनाए गए पिलर व दीवार को पूरी ताकत लगाकर हिलाया। कुछ देर बाद विधायक ने धक्का मारा। जिसके बाद दीवार व पिलर ढह गया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इंजीनियरिंग कॉलेज के घटिया निर्माण को लेकर ट्विट किया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए लिखा है कि भाजपा के राज में, घोर भ्रष्टाचार का कमाल है निराला, बिन सीमेंट, इंजीनियरिंग कॉलेज की ईंटों को जोड़ डाला।
इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था से जवाब तलब किया गया है। निर्माण की गुणवत्ता खंगालने के लिए तीन सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। जांच के बाद अनियमितता मिलने पर कार्यदायी संस्था को काली सूची में डालने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। - डॉ. नितिन बंसल, डीएम
इस वीडियो को शेयर करते हुए सपा विधायक आरके वर्मा ने कहा कि ऐसे घटिया निर्माण कार्य से सरकार युवाओं का भविष्य नहीं तैयार रही,यह उनके मौत का इंतजाम है।