शनिवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान व इंटर की संस्कृत विषय की परीक्षा के दौरान दो छात्राएं नकल सामग्री के साथ पकड़ी गईं। आंतरिक सचल दल की तलाशी में दोनों के पास नकल सामग्री मिली। दोनों छात्राओं को रस्टीकेट कर दिया गया। इधर, सचल दल की टीम ने भ्रमण कर जिले के सभी परीक्षा केंद्रों की पड़ताल की। इससे परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप मचा रहा।
शनिवार को पहली पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान व इंटर की व्यावसायिक विषय की परीक्षा थी। हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा के लिए कुल 57169 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 31132 छात्र व 26037 छात्राएं थीं। पहली पाली की परीक्षा सघन तलाशी के बीच सुबह आठ बजे से शुरू हुई। इस दौरान पंडित परमानंद इंटर कॉलेज अठेहा में केंद्र व्यवस्थापक वंदना पटेल ने हाईस्कूल की छात्रा रिचा शुक्ला को नकल सामग्री के साथ पकड़ लिया।
केंद्र व्यवस्थापक ने उसे रस्टीकेट कर दिया। इधर, दूसरी पाली में इंटर के संस्कृत विषय की परीक्षा में 6890 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 1734 छात्र व 5156 छात्राएं थीं। इस दौरान अजगरा रानीगंज स्थित खींची इंटर कॉलेज में एक छात्रा को नकल करते पकड़ गया। वह नकल पर्ची के साथ परीक्षा दे रही थी। परीक्षा केंद्र के आंतरिक सचल दल ने उसे रस्टीकेट कर दिया।
दोनों पालियों की परीक्षा में 7676 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित
शनिवार को हाईस्कूल व इंटर की दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 7676 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में 57169 परीक्षार्थी में 6959 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में इंटर के व्यावसायिक विषय में 656 परीक्षार्थी में 8 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी तरह दूसरी पाली में इंटर के संस्कृत विषय की परीक्षा में पंजीकृत 6890 परीक्षार्थी में 709 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।