ेखपुर में बने मस्जिदनुमा गेट को हटाने के लिए कुंडा तहसील में धरने पर बैठे उदय प्रताप सिंह से बात क?
- फोटो : PRATAPGARH
कुंडा इलाके के शेखपुर गांव में बने मस्जिदनुमा गेट को हटवाए जाने की मांग को लेकर बुधवार को पूर्व मंत्री राजाभैया के पिता उदय प्रताप सिंह तहसील में धरने पर बैठ गए। वकील भी उनके समर्थन में आ गए। पुलिस अफसर उन्हें मनाने का प्रयास करते रहे, लेकिन वह गेट हटने तक उठने के लिए तैयार नहीं हुए।
कुंडा के शेखपुर में मोहर्रम को लेकर एक गेट बनाया गया है। भदरी नरेश उदय प्रताप ने दो दिन पहले इसे लेकर ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था कि हिंदू मुख्यमंत्री से इस गेट को हटवाने की मांग करें। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई।
आईजी प्रयागराज डॉ. राकेश सिंह ने उदय प्रताप सिंह से मुलाकात करने के बाद गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। बुधवार को उदय प्रताप सिंह अचानक तहसील पहुंचे और सीओ कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी होने पर अधिवक्ता भी उनके समर्थन में आ गए।
मौके पर पहुंचे एसडीएम सतीशचंद्र मिश्र समेत पुलिस अफसरों ने उनसे बात की, लेकिन वह गेट हटाने की मांग पर अड़े थे। दोपहर बाद आईजी राकेश सिंह ने भी फोन पर उनसे बात की, लेकिन वह अपनी जिद पर कायम रहे। दोपहर करीब ढाई बजे एडिशनल एसपी पश्चिमी रोहित मिश्रा उनके पास पहुंचे और करीब 11 मिनट तक बात की, लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं हुए। खबर लिखे जाने तक वह धरने पर बैठे हुए थे।
उदय प्रताप का एकाउंट हैक कर एक महीने के ट्वीट उड़ाए
भदरी नरेश उदय प्रताप सिंह का ट्विटर एकाउंट हैक कर लिया गया है। बुधवार को धरने पर बैठे उदय प्रताप ने बताया कि बीते एक महीने में उनकी तरफ से किए गए ट्वीट उड़ा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह हिंदू संगठनों का समर्थन करते रहे हैं। इसके लिए ट्विटर का भी इस्तेमाल करते हैं।
दो दिन पहले शेखपुर में मोहर्रम के गेट को लेकर उन्होंने ट्वीट किया था। शाम को उनका ट्वीट हटा दिया गया। इसके बाद जब उनका एकाउंट चेक किया गया तो बीते एक माह के ट्वीट गायब थे। उन्होंने कहा कि विपक्षी उनके जनजागरण से परेशान हैं। इसलिए उनका एकाउंट हैक कर एक महीने के ट्वीट उड़ा दिए गए हैं। संवाद