फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pratapgarh News: उड़ैयाडीह बाजार बंद, टेंपो चालक का शव रखकर लगाया जाम

Thu, 23 Nov 2023 09:42 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पट्टी कोतवाली के सांगापट्टी निवासी टेंपो चालक काशी प्रसाद मिश्रा की हत्या से आक्रोशित उड़ैयाडीह बाजार के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताया। नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार की शाम रानीगंज-पट्टी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी विद्यासागर मिश्रा व एसडीएम पट्टी देशदीपक के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
विज्ञापन

सांगापट्टी निवासी काशी प्रसाद मिश्रा टेंपो चलाकर परिवार का गुजर बसर करता था। टेंपो के किराये के विवाद में कुछ दिन पहले भदेवरा निवासी शिवा सिंह से कहासुनी हुई थी। बुधवार को बाजार में ही शिवा सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर टेंपो चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। मृतक टेंपो चालक के बेटे वीरेंद्र मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने शिवा सिंह, उसके पिता रमाशंकर सिंह व दो अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस ने रात में ही मुख्य आरोपी शिवा सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से शव घटनास्थल पर पहुंचा। आक्रोशित लोगों ने शासन व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रानीगंज-पट्टी मार्ग पर उड़ैयाडीह बाजार में शव रखकर जाम लगा दिया। एहतियात के तौर पर मौजूद पुलिस लोगों का आक्रोश देख बैकफुट पर नजर आई।
विज्ञापन

अखिल भारतीय ब्राहम्ण महासभा की ओर से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये, शस्त्र लाइसेंस, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, भरण पोषण के लिए जमीन का पट्टा, आरोपियों की गिरफ्तारी संग पैरवी कर मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलवाया जाए। तहरीर में किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए। जाम की खबर मिलने पर एएसपी पूर्वी व एसडीएम पट्टी मौके पर पहुंचे। उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया। करीब छह बजे जाम समाप्त कर परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ शव घर लेकर चले गए।
-
प्रदर्शन के दौरान बेहोश हो गया टेंपो चालक का बेटा
उड़ैयाडीह बाजार में जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन के दौरान मृतक टेंपो चालक का बेटा वीरेंद्र बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई।

पापा तो चले गए अब कैसे होगी बहनों की शादी
मृतक टेंपो चालक काशी प्रसाद की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उसकी दो बेटियों की शादी तीन माह के भीतर होनी है। बेटी प्राची की शादी नौ दिसंबर को तय है और उससे छोटी बेटी तनु की 18 फरवरी को । 24 दिसंबर को भतीजे शिवम मिश्रा के तिलक का भी आयोजन होना है। इस वारदात ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। पिता की हत्या से सहमा बेटा वीरेंद्र बार-बार कहता रहा कि अब बहनों की शादी कैसे होगी।
-
जूतों की चोट से टूट गई थी टेंपो चालक की पसलियां
उड़ैयाडीह बाजार में दबंगों ने टेंपो चालक काशी प्रसाद की बेरहमी से पिटाई की थी। दाेबारा बेंच पर लिटाए गए टेंपो चालक के सीने पर हमलावरों ने जूतों से प्रहार किया था। वीडियोग्राफी के बीच डॉ. ऋषभ व डॉ. पंकज ने शव का पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के अनुसार टेंपो चालक की पसलियां टूटने फेफड़ा, हृदय समेत दूसरे अंग फट गए थे।
इनसेट-
आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने व फांसी देने की जिद पर अड़ी थी भीड़
उड़ैयाडीह बाजार में दिनदहाड़े दबंगों की पिटाई से मृत टेंपो चालक का शव पहुंचते ही लोग आक्रोशित हो उठे। एंबुलेंस को बाजार में रोककर लोग आरोपियों को फांसी देने व उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग करने लगे। वहां मौजूद पट्टी व दिलीपपुर थानाध्यक्ष फोर्स के साथ दूर खड़े रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री के खिलाफ भी नारेबाजी होती रही। लोगों का कहना था कि दबंग हत्यारोपी बाजार में पहले भी लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं कर चुका है। शिकायत के बाद भी पुलिस उस पर कार्रवाई नहीं करती थी। उससे हर कोई खौफ में रहता था।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें