तेजी से बदल रहे मौसम के बीच मासूम बच्चों पर टाइफाइड और मलेरिया ने अटैक कर दिया है। तेज बुखार के साथ उन्हें शरीर में ऐंठन और उल्टी-दस्त की शिकायत है। कई बच्चों के आंत और लीवर में घाव बन गया है। दो दिन के भीतर जिला अस्पताल में ऐसे 50 बच्चों को डाक्टरों ने भर्ती किया है। इन दिनों मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। डाक्टरों का कहना है कि इससे वैक्टिरिया भी तेजी से फैल रहे हैं। इससे वायरल फीवर के साथ टाइफाइड और मलेरिया के मरीज तेजी से बढ़े हैं। बच्चे सबसे ज्यादा इसकी चपेट में हैं। गुरुवार और शुक्रवार को बुखार से तप रहे 50 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें ज्यादातर टाइफाइड से पीड़ित थे। इनमें कई बच्चों की हालत गंभीर थी। इलाज के बाद भी उन्हें आराम नहीं मिल पा रहा था। चिकित्सक इलाज के साथ ही बच्चों के तीमारदारों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
शुक्रवार को जिला अस्पताल के चिल्ड्रेनवार्ड में टाइफाइड से पीड़ित अंतू के बिहारगंज निवासी प्रिया (2) पुत्री रामबहादुर, पूर्वी सहोदरपुर निवासी प्रदीप (2) पुत्र प्रेमचंद्र, राजगढ़ कोपा निवासी बेबी (1 माह) पुत्री मोहम्मद अनीस, भंगवा निवासी श्लोक मिश्र (5) पुत्र प्रशांत, यहियापुर कंधई निवासी अजनान (4) पुत्र नफीस, अजगरा रानीगंज निवासी मारिया (3 माह) पुत्री मोहम्मद निजाम, राजगढ़ बबुरहा निवासी माही (7) पुत्री अरुण श्रीवास्तव समेत 35 बच्चों को भर्ती कराया गया। वहीं ओपीडी में आए 75 बच्चों को दवा देकर चिकित्सकों ने घर भेज दिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों की मानी जाए तो इन दिनों ओपीडी में बुखार से पीड़ित मरीजों की ही भीड़ है। ज्यादातर लोग टाइफाइड से पीड़ित हैं।
यह है टाइफाइड की पहचान
0 मरीज को तेज बुखार
0 पेट में दर्द बने रहना
0 उल्टी और सिर में दर्द
0 शरीर में अकडन
वैक्टिरिया के चलते टाइफाइड बुखार होता है। मच्छर के काटने से मलेरिया बुखार। मौसम बदलने के साथ ही यह बीमारियां तेजी से पांव पसार रही हैं। टाइफाइड की चपेट में आने के बाद बच्चों के लीवर और आंत में घाव बन जा रहा है। जिससे उन्हें कठोर चीजें खाने में दिक्कत के साथ पेटदर्द की शिकायत है।
डॉक्टर अनिल गुप्ता, बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल।
टाइफाइड से बचने के लिए यह करें उपाय
0 शुद्ध पानी पीना चाहिए।
0 सप्ताह भर से बुखार है तो जांच कराएं
0 बासी खाना नहीं खाएं
0 खुले में शौच न जाएं
0 खाना खाने से पहले हाथ साफ करें
0 ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ लेें