लालगंज के सगरा सुन्दरपुर के समीप स्कार्पियो की टक्कर से घायल बाइक सवार युवकों को एम्बुलेंस में ब?
- फोटो : PRATAPGARH
लखनऊ- वाराणसी राजमार्ग पर बेकाबू स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जिसकी खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घटना के बाद चालक स्कार्पियो समेत फरार हो गया।
लालगंज कोतवाली के हंडौर निवासी शोएब (24) पुत्र रियाज साह सोमवार की शाम चार बजे बाइक से ननिहाल में रहने वाले अपने दोस्त तौसीफ(21) पुत्र हारुन खान निवासी गुजवर थाना महेशगंज के साथ कुछ सामान खरीदने सगरा सुंदरपुर बाजार जा रहा था।
लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर लालगंज कोतवाली के गहरी मोड़ पर दूसरी ओर से आ रही बेकाबू स्कार्पियो ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस की मदद से लहूलुहान पड़े दोनों घायलों को आनन फानन एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
घटना के बाद बाइक में टक्कर मारने वाला चालक स्कार्पियो समेत फरार हो गया। उधर, जिला अस्पताल में दोनों घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उपचार के लिए प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया।
प्रयागराज ले जाते समय घायल तौफीक की मऊआइमा में सांसे थम गई। जिसके बाद परिजन शव लेकर घर लौट आए। जबकि हादसे में घायल शोएब की प्रयागराज के स्वरूप रानी अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई। हादसे में दो युवकों की असमय मौत होने के चलते मातम पसर गया। लालगंज कोतवाल संजय यादव ने बताया कि प्रयागराज ले जाते समय दोनों युवकों की मौत हो गई। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज होगा। स्कार्पियों की तलाश की जा रही है।