सुखपाल नगर स्थित बीओबी बैंक के चार कर्मचारियों समेत सोमवार को 24 घंटे के भीतर 15 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। डब्लूएचओ टीम के एक डॉक्टर, कोल्डचेन मैनेजर समेत तीन स्वास्थ्य कर्मचारी भी इसके जद में आ गए हैं। हालांकि अधिकतर मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
सुखपाल नगर में स्थित बैंक आफ बड़ौदा के चार कर्मचारियों की रिपोर्ट सोमवार को कोरोना पॉजिटिव आई है। इससे बैंक में हड़कंप मच गया। 24 घंटे के लिए बैंक को लॉक कर दिया गया है।
अन्य कर्मचारियों का सैंपल लेकर जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग भेज रहा है। वहीं सीएमओ आफिस में तैनात डब्लूएचओ टीम के एक सर्विस मेडिकल आफिसर, कोल्डचेन मैनेजर और यूनीसेफ के डीएमसी भी संक्रमित बताए जा रहे हैं।
रानीगंज में सोमवार को जांच में तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। कुंडा में दो और लालगंज में एक और पट्टी में दो मरीज कोरोना पॉजिटिव बताए जा रहे हैं। जिले में 143 कोरोना संक्रमित एक्टिव केस हैं। एलटू अस्पताल में 16 और प्रयागराज में नौ मरीज भर्ती है। अन्य मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
कागज पर बने हैं 100 हॉटस्पॉट
प्रतापगढ़ में कोरोना वायरस पर काबू पाने के लिए जिले में स्वास्थ्य विभाग ने 100 हॉटस्पाट जोन बनाया है। मगर कौन-कौन से गांव शामिल है। यह हकीकत में देखने को नहीं मिलता। केवल स्वास्थ्य विभाग के कागजों में कंटेनमेंट जोन बना है। जहां पर हॉटस्पाट जोन घोषित किया गया है वहां पर किसी प्रकार के लोगों के आवागमन पर रोक नहीं है।
कोरोना वैक्सीन को लेकर तेज हुई तैयारी
महामारी कोरोना वायरस का वैक्सीन भले ही अभी जिले में नहीं पहुंची है मगर रख रखाव के साथ पहले चरण में जिन लोगों को वैक्सीन का डोज देना है उनका डाटा फीड किया जा रहा है। जिले के करीब 20 हजार लोगों का डाटा स्वास्थ्य विभाग तैयार कर लिया है।
कोरोना वैक्सीन कब तक आएगी इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के मुखिया सीएमओ के पास भी नहीं है। मगर मुख्यमंत्री के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन को रख रखाव की तैयारी शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि दस दिसंबर को जिले में दो आईएलआर मशीन आ रहा है।
पहले चरण में वैक्सीन का जिन लोगों को डोज देना है ऐसे करीब बीस हजार लोगों का नाम स्वास्थ्य विभाग ने डाटा पर फीड कर दिया है। जिससे वैक्सीन आने के बाद किसी प्रकार की दिक्कतें न हो। सीएमओ डा. एके श्रीवास्तव ने कहा कि वैक्सीन को लेकर तैयारी जोरो पर चल रही है। पहले चरण में वैसे हेल्थ वर्करों को वैक्सीन का खुराक दियाजाएगा। जिनका नाम पोर्टल पर होगा उन्हें ही मिलेगा। इसी लिए प्राइवेट अस्पताल संचालकों को आदेश दिया गया है कि जल्द से जल्द वे अपने वर्करों का भी डाटा सीएमओ आफिस में जमा कर दें। जिससे वैक्सीन के लिए बाद में उनके कर्मचारी न परेशान हो। संवाद