अगले माह होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए जिला प्रशासन के आदेश पर उप संभागीय परिवहन विभाग की ओर से दो हजार वाहनों को अधिकृत करने का सिलसिला तेज हो गया है। वाहनों के अधिग्रहित होने पर यात्रियों को एक सप्ताह तक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
भले ही अभी लोकसभा चुनाव की अधिसूचना लागू नहीं हुई है लेकिन चुनावी तैयारी तेज हो गई है। चुनाव संपन्न कराने के लिए परिवहन विभाग को वाहनों को एकत्र करने का जिम्मा दिया गया। जिसके तहत एआरटीओ प्रवर्तन दिलीप गुप्ता व पीटीओ विक्रांत सिंह कर्मचारियों के साथ पूरे जिले भर की स्कूल की बसों के अलावा सड़कों पर चलने वाली प्राइवेट बसों के मालिकों के नाम पते नोट करने के बाद उनके घरों पर नोटिस भेज रहे हैं। अभी तक 1250 वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा जा चुका है। चुनाव में करीब 12 सौ छोटे वाहन व आठ सौ बड़े वाहन लगेंगे। इन वाहनों को चुनाव के पहले ही अधिग्रहीत कर लिया जाएगा। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ जाएगी। एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुुनाव के लिए करीब दो हजार वाहन अधिग्रहीत किए जा रहे हैं ताकि चुनाव के समय किसी प्रकार की समस्या न आए।