कोरोना संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं। शुक्रवार को चौबीस घंटे बीस लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। अब जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 65 पहुंच गई है। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ने के बाद भी लापरवाही जारी है। कोविड गाइडलाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
बीमारी से बचाव के प्रयास नहीं कर रहे हैं। सरकारी कार्यालयों अथवा किसी भी सार्वजनिक स्थल को सैनिटाइज नहीं किया जा रहा है। सार्वजनिक स्थल, बाजार, सरकारी कार्यालय, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व शपिंग मॉल में लोग बिना मॉस्क के नजर आ रहे हैं। सार्वजनिक स्थलों पर सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं हो रहा है। ऐसे में लोगों के बीच कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने की आशंका है। कोविड से पीड़ित होने वाले मरीजों की बढ़ती संख्या देख स्वास्थ्य विभाग के अफसर व प्रशासन के अधिकारी परेशान हैं।
अधिकारी व कर्मचारी भी कर रहे लापरवाही
सरकारी कार्यालयों में कोविड हेल्पडेस्क को प्रभावी किया गया है, लेकिन यहां सिर्फ दूसरे लोगों पर ही नियमों का पालन कराने पर जोर है। अलग-अलग विभागों के अधिकारी व कर्मचारी कार्यालय के भीतर बगैर मॉस्क लगाए काम करते हैं। सैनिटाइजर का भी इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। हेल्पडेस्क पर कर्मचारी बाहरी लोगों को मॉस्क लगाने की सलाह दे रहे हैं, लेकिन उनके साथी कर्मचारियों व अधिकारी नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।