हाईवे पर ट्रकों की भिड़ंत, पंजाब से बिहार जा रही 30 लाख की शराब बरामद
- लकड़ी के बुरादे की बोरियाें के बीच छिपाई गई थी 420 पेटी शराब, एक गिरफ्तार
- हादसे में दोनों ट्रकों के चालक समेत पांच घायल, कुंडा के बाबूगंज के पास हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कुंडा। लखनऊ- प्रयागराज राजमार्ग पर बाबूगंज के करीब रविवार की रात दो ट्रकों के बीच आमने-सामने की टक्कर में चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पंजाब से बिहार जा रही 30 लाख की शराब ट्रक से बरामद हुई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
कुंडा कस्बा के पुराने बाबूगंज के करीब ट्रक आमने-सामने टकराने के बाद सड़क पर पलट गए। इससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलने के बाद कोतवाल कमलेश पाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। हादसे में घायल नगर कोतवाली के महुली डंडवा निवासी ट्रक चालक अरुण यादव, परिचालक संदीप यादव, राज यादव और शराब लेकर जा रहे पंजाब के पटियाला जिले के समाना थाना क्षेत्र के तेज नगर कॉलोनी निवासी ट्रक चालक सुखबीर सिंह (32) व सहयोगी गुरुदीप सिंह (26) को उपचार के लिए कुंडा सीएचसी भेजा।
सड़क पर पलटे ट्रकों से प्रभावित यातायात को बहाल कराने के लिए पुलिसकर्मी जेसीबी और हाइड्रा की मदद से ट्रकों को किनारे लगवाने लगे। इस बीच राजस्थान पंजीकरण के ट्रक से पेटियों के गिरने की आवाज सुनकर पुलिसकर्मी छानबीन करने लगे। आगे की ओर रखी गई बुरादे की बोरियों को हटाते ही सभी दंग रह गए। जांच के दौरान ट्रक में अंग्रेजी शराब की 420 पेटियां मिलीं। बरामद ट्रक को जब्त करते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए परिचालक गुरुदीप सिंह का प्राथमिक उपचार कराकर जेल भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय ने बताया कि पूछताछ में चालक और परिचालक ने बताया कि ट्रक में लदी शराब अवैध और मिलावटी है। जिसे वे लोग स्प्रिट से बनाते हैं। इसमें फर्जी बार कोड लगा देते हैं। पुलिस को धोखा देने की नियत से गाड़ी में लादकर उसके ऊपर चारों तरफ लकड़ी का बुरादा भर लेते हैं। जिससे चेकिंग के दौरान पकड़े न जाएं। बरामद शराब पंजाब से बिहार ले जा रहे थे। ट्रक मालिक के साथ मिलकर वे लोग काम करते हैं। बरामद 420 पेटी अंग्रेजी शराब की कीमत 32 लाख रुपये होगी।
इनसेट -
सीएचसी से भागने का परिचालक ने किया प्रयास
कुंडा के बाबूगंज में दो ट्रकों की टक्कर के बाद बरामद 420 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ पकड़े गए चालक सुखबीर सिंह की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। दूसरे ट्रक के घायल संदीप व राज को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इलाज के दौरान पुलिसकर्मी गेट पर आकर खड़े हो गए। मौका पाकर शराब वाले ट्रक का परिचालक गुरुदीप सिंह सीएचसी की छत पर चढ़कर भागने लगा। हालांकि पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इनसेट -
शराब तस्करों ने 913 किमी का सफर किया तय, तीन राज्यों की पुलिस को नहीं लगी भनक
पंजाब के पटियाला से अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिहार जा रहे शराब तस्कर पुलिस से बेफिक्र नजर आए। ट्रकों के बीच टक्कर न होती तो 32 लाख की अवैध शराब आसानी से बिहार पहुंच जाती। ट्रक परिचालक गुरुदीप सिंह के अनुसार पटियाला से शराब लादकर वे बिहार बेचने जा रहे थे। पटियाला से 913 किमी का सफर भी आसानी से तय कर लिया। पंजाब के बाद अवैध शराब से लदा ट्रक लेकर दिल्ली की सीमा में प्रवेश किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर बिहार की ओर जा रहा था। तीन राज्यों की पुलिस, आबकारी व खुफिया विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग सकी।
कुंडा के पुराना बाबूगंज के समीप पकड़े गये ट्रक से बरामद अंग्रेजी शराब। संवाद
कुंडा के पुराना बाबूगंज के समीप पकड़े गये ट्रक से बरामद अंग्रेजी शराब। संवाद