रेलवे क्रासिंग के पास बाग में ट्रक चालक का शव पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी होने पर भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से उसकी शिनाख्त की। परिजनों को सूचना देने के साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी हुई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के आलापुर स्थित रेलवे क्रासिंग के पास सैफू का पुरवा हिनाहूं गांव के रहने वाले रामकृष्ण मिश्रा की आम की बाग में बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। सुबह शौच के लिए गए ग्रामीण शव देखकर सन्न रह गए। खबर फैलने पर वहां मजमा लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
शव को पेड़ से उतरवाने के बाद शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर पुलिस शव थाने ले आई। बाद में शव की शिनाख्त मद्दू का पुरवा गांव निवासी राकेश उर्फ छेदीलाल (33) पुत्र गणेशीलाल यादव के रूप में हुई। वह ट्रक चालक था।थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।