बाबा बेलखरनाथ धाम के गहरीचक में पंचायत भवन निर्माण में 2.58 लाख रुपये के गोलमाल का मामला सामने आने पर सहायक विकास अधिकारी ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इससे विकास विभाग में खलबली मची हुई है।
कंधई थाने में ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी रमन कुमार श्रीवास्तव ने पंचायत भवन के निर्माण को लेकर हो रही शिकायत की जांच की थी। भवन निर्माण के लिए 12.05 लाख रुपये बैंक से निकाले गए थे। निर्माण के दौरान 2.58 लाख रुपये का हिसाब नहीं मिला। प्रशासक, सचिव तथा निवर्तमान प्रधान की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया।
ऐसे में रुपये के गबन की बात सामने आई। एडीओ पंचायत की तहरीर पर पुलिस पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासक बनाए गए उमेश यादव, सचिव फरीद अहमद तथा निवर्तमान प्रधान सरवरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कंधई थानाध्यक्ष धीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।