गो आश्रय केंद्रों में तीन और मवेशियों की मौत
सीएम की फटकार के बाद जागा प्रशासन, वीडीओ निलंबित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़/कोहंडौर। मुख्यमंत्री की फटकार के बाद जिले के अफसरों की कुंभकर्णी नींद खुली। सोमवार को डीएम मार्कण्डेय शाही रानीगंज स्थित खमपुर दूबेपट्टी गो आश्रय केंद्र पहुंचे और अव्यवस्था को देखकर ग्राम विकास अधिकारी प्रमोद कुमार मिश्र को निलंबित करने का निर्देश दिया। इधर, कोहंड़ौर के पडऱीपाल में सोमवार को दो गाय और एक गोवंश की मौत हो गई। यहां बीस गायों की हालत गंभीर है। सोमवार को यहां प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई।
रविवार की शाम मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग में अफसरों को फटकार मिलने के बाद सोमवार को डीएम रानीगंज स्थित गो संरक्षण केंद्र खमपुर दूबेपट्टी पहुंच गए। गोशाला में ग्राम विकास अधिकारी के नहीं आनेे की जानकारी होने पर डीएम भडक़ गए और वीडीओ प्रमोद कुमार मिश्र को निलंबित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीडीओ, पशुधन प्रसार अधिकारी को चेताया कि चारा-पानी की समुचित व्यवस्था की जाए। गोशाला में उबड़-खाबड़ जमीन को मनरेगा से अविलंब समतल कराने को कहा। इधर, कोहंडौर स्थित पडऱीपाल में सोमवार को दो गाय और एक बछड़े की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर अफसरों ने सफाई कर्मचारियों की टीम लगाकर दिनभर साफ-सफाई कराई। पशुओं को दल-दल से बचाने के लिए ईंट बिछाने का दौर जारी रहा। प्रधान श्रीकांत पाठक ने बताया कि सोमवार को दिनभर हुए सफाई अभियान से स्थिति ठीक हो गई है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के विकास के लिए आने वाला पूरा बजट गोशाला में ही खर्च हो रहा है।
आवारा पशुओं को स्कूल में किया कैद
संडवा चंद्रिका के प्राइमरी स्कूल बाबूका पुरवा में सोमवार को गांव के लोगों ने आवारा पशुओं को कैद कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि आवारा पशु उनकी हरी-भरी फसल को नष्ट कर रहे हैं। हालांकि यह वाकया उस समय हुआ, जब बच्चों की छुट्टी हो गई थी। किसानों का आरोप है कि बचाव के सभी दावे फेल नजर आ रहे हैं। शाम तक गांव के लोग स्कूल परिसर के बाहर जमा रहे।
अधारपुर गो संरक्षण केंद्र पहुंचे सीडीओ
संडवा चंद्रिका स्थित गो सरंक्षण केंद्र अधारपुर पहुंचे सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने निरीक्षण कर साफ-सफाई और चारे-पानी की जानकारी ली। प्रधान अजय कुमार ने बताया कि चारे-पानी के लिए जो धनराशि मिली थी, वह खर्च हो चुकी है। कई बार कहने के बाद भी धनराशि नहीं मिल रही है। सीडीओ ने बीडीओ से अविलंब धनराशि मुहैया कराने को कहा है।