आसपुर देवसरा पुलिस द्वारा तमंचे के साथ गिरफ्तार लोग। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के चंदौका जलालपुर में मवेशियों के खेत में जाने को लेकर हुए विवाद में बृहस्पतिवार को सपा कार्यकर्ता कन्हैयालाल यादव (48) की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के चंदौका जलालपुर निवासी कन्हैयालाल यादव खेती करते थे। बृहस्पतिवार को वह अपने ट्रैक्टर से गांव के जयराम यादव का खेत समतल कर घर लौट रहे थे। कन्हैयालाल के भतीजे इंद्रबहादुर यादव का आरोप है कि गांव के श्यामशंकर तिवारी ने अपने तीन बेटों के साथ मिलकर चाकुओं से गोदकर उनकी हत्या कर दी। खेत में मवेशी जाने को लेकर कन्हैयालाल का श्यामशंकर तिवारी से विवाद हुआ था।
पुलिस ने इस मामले में शंकर तिवारी और उनके बेट बेटे प्रशांत तिवारी, प्रवीण तिवारी और आशीष तिवारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि हत्यारोपी प्रशांत उर्फ रोशन, प्रवीण उर्फ आकाश और प्रभात उर्फ आशीष को गिरफ्तार कर लिया गया है। श्यामशंकर की तलाश की जा रही है।
सपाइयों ने की पचास लाख की मदद की मांग
कोहड़ौर के जलालपुर गांव पहुंचकर समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष इरसाद सिद्दीकी, इरफान, सुषमा पाल, गीता यादव आदि नेताओं ने मृतक के पुत्र पुष्पेंद्र यादव की तरफ से एसडीएम सदर सोम मिश्रा व सीओ सिटी अभय पांडेय को मांग पत्र सौंपा। सपाइयों ने मृतक के परिजनों को शासन से 50 लाख की सहायता, बेटे को सरकारी नौकरी व शस्त्र लाइसेंस के साथ सरकारी आवास देने की मांग की। एसडीएम सदर ने मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।