डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय में सोमवार से चौबीस घंटे जांच की सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे रात में आने वाले मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। बाहर प्राइवेट सेंटर पर जाने के बजाय अस्पताल में ही उनका इलाज हो सकेगा।
डॉक्टर सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध राजा प्रताप बहादुर चिकित्सालय की महिला विंग में रात के समय आने वाली गर्भवती महिलाओं का ऑपरेशन करने के लिए जांच कराने में परेशानी आती थी। ऑपरेशन से पहले जांच के लिए उन्हें बाहर ले जाना पड़ता है। बगैर जांच के चिकित्सक ऑपरेशन करने से इनकार कर देते हैं।
ब्लड की जांच कराने के लिए प्राइवेट सेंटरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। इससे मरीज परेशान होते हैं। कई बार इसका फायदा उठाकर प्राइवेट पैथालॉजी संचालक अधिक वसूली करते हैं। इससे मरीज परेशान होते हैं। मरीजों की समस्या को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने सोमवार से 24 घंटे पैथालॉजी का संचालन कराने का निर्णय लिया है।