साहब, यह जेवरात की पोटली हमें पंजाबी मार्केट में शेखजी मस्जिद के पास सड़क पर मिली है। इसके असली मालिक तक इसे पहुंचा दिया जाए। लाखों रुपये के आभूषण मिलने के बाद भी लोगों के घरों में काम करने वाले युवती का ईमान नहीं डगमगाया। वह जेवरात लेकर उसके मालिक तक पहुंचाने के लिए व्यापारियों के साथ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल से मिलने पहुंच गई।
नगर कोतवाली के बलीपुर में किराए के मकान में रहने वाली सरिता श्याम बिहारी गली समेत आसपास के इलाकों में व्यापारियों के घरों में कामकाज परिवार का गुजर-बसर करती है। बुधवार को काम करने के बाद वह अपने कमरे पर पैदल ही जा रही थी। पंजाबी मार्केट के करीब शेखजी मस्जिद के पास उसे एक पोटली मिली। जिसे उसने उठा लिया। पोटली खोलते ही उसकी आंखें खुली की खुली रह गईं।
हड़बड़ाहट में वह किसी को बिना कुछ बताए अपने कमरे पर पहुंची। लाखों रुपये के आभूषण से भरी पोटली मिलने के बाद सरिता पसीने से तरबतर थी। उसने परिवार के लोगों के साथ ही व्यापारी अमित केसरवानी को जानकारी दी। थोड़ी देर में वह जेवरात लेकर अमित के पास पहुंची। उसे अपने साथ लेकर अमित व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी के पास पहुंचे। सभी ने आभूषण को एक डिब्बे में पैक कर दिया। बृहस्पतिवार को सरिता के साथ व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी, रमाशंकर जायसवाल, लखनलाल बाबा समेत अन्य व्यापारी पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल से उनके कार्यालय में मिलने पहुंचे।
सरिता ने जेवरात से भरे आभूषण एसपी के सामने रखते हुए कहा कि साहब यह जेवरात सड़क पर मिले हैं। जिसकी अमानत हो, उस तक पहुंचा दिया जाए। मुफलिसी काटते हुए किराए के मकान में रहने वाली सरिता की ईमानदारी देख एसपी दंग रह गए। उन्होंने कहा कि सरिता जनपद के लोगों के लिए मिसाल बनेगी। सरिता की ईमानदारी से गदगद व्यापारियों ने उसके लिए आवास उपलब्ध कराने की मांग एसपी के सामने रखी।
दामाद पर लगाया बेटी की हत्या का आरोप
बेटी की हत्या का दामाद पर आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस अधिकारियों से इंसाफ की गुहार लगाई है। अंतू थाना क्षेत्र के चौबेपुर निवासी रोशनी वर्मा की शादी गड़वारा निवासी कपिल वर्मा के साथ फरवरी 2020 में हुई थी। दो सितंबर को विवाद के बाद कपिल शर्मा रोशनी को उसके मायके चौबेपुर छोड़ आया था। चार सितंबर को उसकी लाश चंद्रिकन जंगल में मिली थी। जिसकी दूसरे दिन रोशनी के रूप में शिनाख्त हुई थी। उसकी मौत मुंह व नाक दबाने से होने की बात सामने आई थी। मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल सहित कई आधार पर पुलिस घटना की जांच कर रही थी। मृतका की मां ऊषा देवी ने आरोप लगाया है कि रोशनी की हत्या करने के बाद कपिल ने ही शव फेंका जंगल में फेंका था।