फतनपुर के मेड़ुआडीह में किशोरी की शादी तय होने पर प्रयागराज के युवक ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या की वारदात को हादसे का रूप देने के लिए शव को तालाब में फेंका था। पुलिस ने हत्या करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मेड़ुआडीह निवासी गेंदालाल कनौजिया की बेटी ज्योति रजक (17) बृहस्पतिवार की शाम अचानक घर से गायब हो गई थी। शनिवार की सुबह गांव के ही तालाब में उसका शव उतराया मिला। मौके पर भीड़ जुट गई। उसके शरीर पर मिले चोट के निशान से हर कोई अनहोनी व हत्या की आशंका जताता रहा।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या की बात सामने आई। फतनपुर पुलिस ने मृतका के परिवार के ही रूपचंद रजक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रयागराज के बहरिया स्थित बघोला निवासी वाजिद उर्फ मुदशिम को पकड़ लिया। पूछताछ के वाजिद ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसके पास से मृतका का मोबाइल भी बरामद हुआ।
फतनपुर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि गेंदालाल ने अपनी बेटी ज्योति की शादी तय कर दी थी। चूंकि रूपचंद की दोस्ती वाजिद से थी। जो उसके घर आता जाता था। ज्योति से उसकी बातचीत दोस्ती में बदल गई थी। अक्सर वह गांव आता तो ज्योति के घर आसपास नजर आता था। शादी तय होने पर वह अपना आपा खो बैठा। रूपचंद की मदद से उसने ज्योति को गांव से बाहर बुलाया।
पुलिस के मुताबिक ज्योति से शादी की बात पर वाजिद बिगड़ गया। उनके बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में आरोपी वाजिद ने उसकी गला दबाकर हत्या कर शव को तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद रविवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।