प्रेमी युगल की खुदकुशी को लेकर दूसरे दिन भी इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। रात में ही दोनों के शवों को नदी के किनारे दफनाने के बाद परिजन घर लौटे। गांव के लोगों से दूरी बनाते हुए दोनों के परिजनों ने चुप्पी साध रखी है।कंधई थाना क्षेत्र के प्रगासपुर निवासी शुभम का गांव की ही सुजाता से प्रेम संबंध था। पढ़ाई के दौरान दोनों एक दूसरे से मोहब्बत करते रहे। लंबे समय से दोनों के बीच चल रही मोहब्बत की भनक घरवालों तक पहुंच गई। परिवार के लोगों ने दोनों के मिलने जुलने पर रोक लगा दी थी।
जबकि दोनों शादी करना चाह रहे थे। शुक्रवार को शुभम व सुजाता का शव आम के पेड़ से लटकता मिला। यह देख इलाके में सनसनी फैल गई। रात में पोस्टमार्टम के बाद परिजन दोनों के शवों को दफनाने के लिए घर लेकर पहुंचे। देर रात परिजनों ने शवों को गांव के करीब से गुजरी नदी के किनारे दफना दिया। तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली। शनिवार को प्रेमी युगल के खुदकुशी की चर्चा रही। हर कोई दोनों की मौत को लेकर चर्चा करता रहा। परिवार के लोगों ने घटना को लेकर चुप्पी साध रखी है।