मेडिकल कालेज ओपीडी में दो दिन से तड़प रहे युवक की मौत के बाद पहुंची पुलिस। संवाद
- फोटो : PRATAPGARH
डॉक्टरों की चौखट पर घायल मरीज बरामदे में तड़पते हुए मौत की नींद सो गया। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी की गैलरी में मंगलवार सुबह से फर्श पर पड़े मरीज का उपचार करने के लिए किसी डॉक्टर को समय नहीं मिला। बुधवार की सुबह मरीज की मौत होने के बाद उसका शव कर्मचारियों ने हटाकर डॉक्टरों की करतूत पर पर्दा डाल दिया।
बुधवार की सुबह मरीजों के तीमारदारों ने कर्मचारियों को सूचना देकर बताया कि ओपीडी की गैलरी में एक शव पड़ा है। जिसकी दुर्गंध से लोग परेशान हैं। सूचना पर पहुंचे सफाई कर्मचारियों ने आननफानन शव को हटाया।
बताया गया कि मंगलवार को दुर्घटना में घायल यह अज्ञात मरीज खून से लथपथ होकर ओपीडी की गैलरी में रात तक पड़ा रहा ,लेकिन परिसर में घूमने वाले डॉक्टरों व कर्मचारियों ने उसका उपचार नहीं किया। सीएमएस ने कहा कि वह वार्ड से निकलकर परिसर में टहल रहा था। गंभीर घाव की वजह से मरीज की हालत बेहद नाजुक थी। रात में उसकी मौत हो गई।