रानीगंज तहसील में समाधान दिवस पर डीएम के साथ शिकायतें सुनते विधायक धीरज ओझा।
- फोटो : PRATAPGARH
रानीगंज में मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का अंबार लग गया। 147 फरियादियों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अफसरों को त्वरित समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में रानीगंज विधायक धीरज ओझा और पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह भी मौजूद रहे।
147 शिकायतों में से 20 शिकायतें राजस्व विभाग से, 42 शिकायतें पुलिस विभाग की थीं। विकास विभाग से 32, शिक्षा से दो, स्वास्थ्य विभाग से दो, समाज कल्याण से एक एवं 48 अन्य विभागों से संबंधित रहीं। रानीगंज के भटपुरवा के ग्रामीणों ने गांव में दो माह से ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत की। डीएम मार्कण्डेय शाही ने अधिशासी अभियंता विद्युत को ट्रांसफार्मर तुरंत बदलवाने का आदेश दिया। राईपुर निवासी रामस्वरूप यादव, दिनेश कुमार यादव ने संपर्क मार्ग अवरुद्ध करने की शिकायत की।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं सीओ रानीगंज को संयुक्त निरीक्षण कर विवाद का निस्तारण करने का निर्देश दिया। डीएम ने संबंधित अफसरों को चेताया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी धीरेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी शत्रोहन वैश्य, उपजिलाधिकारी रानीगंज राहुल यादव, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वीआर अहिरवार, तहसीलदार श्रद्धा पांडेय आदि मौजूद रहीं।
डीएम ने हादसे में घायल वृद्ध को भेजवाया अस्पताल
डीएम मार्कण्डेय शाही मंगलवार को रानीगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने जा रहे थे। इस बीच एक वृद्ध को उधर से गुजर रहे कार सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। डीएम ने चालक से कहकर अपनी गाड़ी रुकवाई और खुद मौके पर जाकर बुजुर्ग के लिए एंबुलेंस मंगाई। उसे अस्पताल भेजवाया।