लखनऊ-बनारस रेलमार्ग पर पडने वाले जगेशरगंज रेलवे स्टेशन के दिन जल्द ही बहुरने वाले हैं। स्टेशन पर दो प्लेटफार्म के साथ ही फुटओवरब्रिज, यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, रेलकर्मियों के लिए उत्तर से हटाकर दक्षिण दिशा में चैंबर बनाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने अनुमति दे दी है।
चिलबिला और अंतू स्टेशन के बीच में पड़ने वाले जगेशरगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बैठने के लिए भी व्यवस्था नहीं है। रात में प्रकाश न होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। ट्रैक दोहरीकरण का कार्य भी चल रहा है। स्टेशन पर डबल लाइन बिछाई गई है मगर, फुटओवरब्रिज तक नहीं है। जबकि बाजारवासियों को टिकट खरीदने और ट्रेन पकड़ने के लिए जान हथेली पर रखकर ट्रैक पार करना पड़ता है।
यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए रेलवे ने स्टेशन पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। रेलवे के जेई राकेश कुमार ने बताया कि जगेशरगंज स्टेशन के विकास के लिए रेलवे बोर्ड ने अपनी अनुमति दे दी है। दस करोड़ का बजट भी पास हो गया है। इस बजट से सबसे पहले रेलवे स्टेशन का मुख्य द्वार बदला जाएगा।