तहसील दिवस में एसडीएम जेपी मिश्रा ने अधिकारियों की क्लास लगाई। उन्होंने पहले तो सभी विभाग के लोगों से पेंडिंग शिकायतों के बारे में जानकारी ली और कहा कि एक भी शिकायत निस्तारित करने में देरी न करें। इसके बाद देर से आने वाले अधिकारियों को भी जमकर खरीखोटी सुनाई। इस दौरान रजिस्टर अपने पास रखवा लिया और जो भी देर से पहुंचता उसे डांटने के बाद ही साइन करने देते। इससे तहसील दिवस में हड़कंप की स्थिति रही। यही नहीं जमीन पर कब्जे के कई मामलों में लेखपालों को भी झाड़ पिलाई कि अब मिलीभगत से काम नहीं चलेगा।
तहसील दिवस में उन्होंने एक-एक शिकायतों को ध्यान से सुनकर संबंधित विभागों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस दौरान रायअसकरनपुर के शिवकुमार सिंह प्रार्थना पत्र देकर बताया कि आनंद सिंह इंटरमीडिएट कालेज का भवन प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर बनवा दिया गया है। मांग की गई कि इस विद्यालय की मान्यता निरस्त की जानी चाहिए। उधर मिश्रदयालपुर के दीनानाथ मिश्र ने बेटी के अपहरण करने वाले आरोपियों के खुले घूमने और उसके बरामद होने की मांग करते हुए प्रार्थना पत्र दिया। बाबागंज में एक जमीन के मामले में कानूनगो के मौके पर मौजूद न होने पर उन्होंने उन्हें जमकर डाटा। साथ ही कहा कि तुरंत जाकर मामले का निस्तारण करें। संग्रामगढ़ में भी एक जमीन के मामले में मुकदमा दर्ज कराए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान सीओ, तहसीलदार, कोतवाल सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।