खेत की जोताई के लिए ट्रैक्टर निकलते समय पिता व भाई की मौजूदगी में रोटावेटर के नीचे दबने से किशोर की मौत हो गई। उसकी मौत से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
रानीगंज थाना क्षेत्र के नजियापुर निवासी कैलाश पांडेय मंगलवार की सुबह खेत की जुुताई करने के लिए ट्रैक्टर में रोटावेटर लगाने के लिए अपने बेटे हिमांशु (14) और आशुतोष (16) को बुलाया। रोटावेटर व ट्रैक्टर के बीच स्प्रिंग फंसाकर बड़ा बेटा आशुतोष बाहर निकल आया जबकि छोटा बेटा हिमांशु स्प्रिंग फंसाता रहा। कैलाश ने बेटे आशुतोष से स्प्रिंग फंसने की बात पूछी। उसने हां में जवाब दिया।
ट्रैक्टर चला रहे पिता कैलाश पांडेय ने रोटावेटर नीचे गिरा दिया, जिसके नीचे छोटा बेटा हिमांशु पांडेय दब गया। उसकी चीख सुनकर पिता ने रोटावेटर उठा दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशू को परिजन उपचार के लिए लेकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। उसकी हालत गंभीर देख डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद एसआरएन रेफर कर दिया।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना परिजनों को मिलने पर कोहराम मच गया। मंगलवार की देर रात हिमांशु का शव लेकर परिजन घर पहुंचे। बुधवार की सुबह हिमांशु के शव का सई नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।