फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतापगढ़: कोचिंग सेंटर के गेट पर सहपाठी ने छात्र की चाकू से गोदकर की हत्या, सनसनी

सार

घटना के बाद वहां भगदड़ मच गई। आरोपी साथी संग बाइक से भाग निकला। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चिलबिला-पट्टी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। बाद में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह समेत अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
विज्ञापन
प्रतापगढ़ में छात्र की हत्या के बाद रोते-बिलखते परिजन। - फोटो : प्रतापगढ़
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कंधई थाना क्षेत्र के दीवानगंज में बुधवार की सुबह कोचिंग पढ़ने आए बारहवीं के छात्र सागर सिंह (17) की साथी छात्र ने ही चाकू घोंपकर नृशंस हत्या कर दी। कोचिंग संस्थान में पढ़ रहे सागर को गेट पर बुलाने के बाद आरोपी ने उसके शरीर पर चाकू से ताबड़तोड़ कई प्रहार किए।

विज्ञापन





घटना के बाद वहां भगदड़ मच गई। आरोपी साथी संग बाइक से भाग निकला। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चिलबिला-पट्टी मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया। बाद में कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह समेत अधिकारियों के आश्वासन पर परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।



कंधई थाना क्षेत्र के करमाही निवासी संजय सिंह का इकलौता बेटा सागर सिंह दीवानगंज स्थित कालूराम इंटर कॉलेज में बारहवीं का छात्र था। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे सागर कॉलेज के पास ही स्थित कोचिंग सेंटर में पढ़ने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तभी कॉलेज व कोचिंग में सागर के साथ पढ़ने वाला ग्यारहवीं का छात्र अपने एक साथी के साथ बाइक से वहां पहुंचा। उसने काले गमछे से अपना चेहरा ढका हुआ था।

विज्ञापन

प्रतापगढ़ : सागर सिंह। फाइल फोटो - फोटो : प्रतापगढ़
सीने पर किए कई ताबड़तोड़ प्रहार

क्लास में पढ़ रहे सागर को उसने गेट पर बुलाया। इसके बाद चाकू निकालकर उसके सीने पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। यह देख लोग सहम गए और वहां से भागने लगे। चाकू के हमले से घायल सागर गिरकर तड़पने लगा। इस बीच मौका पाकर आरोपी छात्र अपने साथी के साथ भाग निकला। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और खून से लथपथ सागर को सीएचसी बाबाबेलखरनाथधाम ले गए।



प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चिलबिला-पट्टी मार्ग पर जाम लगा दिया। हालांकि मौके पर पहुंचे सीओ पट्टी दिलीप सिंह के समझाने पर लोग मान गए।




 इधर, पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही फिर कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर वीरमऊ एफसीआई गोदाम के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। जिसके बाद पुलिस के हाथ-पैर फूलने लगे। ग्रामीण मौके पर डीएम व एसपी को बुलाने की मांग करते रहे। एसडीएम पट्टी व सीओ लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे, मगर कोई सुनने के लिए तैयार नहीं था।



कुछ देर बाद कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। आदर्श आचार संहिता हटने के बाद हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस मामले में मृतक के पिता संजय सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी छात्र समेत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। कोचिंग पढ़ाने वाले शिक्षक से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।

बुझ गया घर का चिराग
रखहा/शिवगढ़। कोचिंग पढ़ने आए सागर की हत्या के बाद पूरा परिवार सदमे में है। उसकी मौत से घर का चिराग बुझ गया। सागर के पिता संजय सिंह मुंबई में टैक्सी चलाते हैं। कुछ दिनों पहले दादी की मौत के बाद वह पिता के साथ गांव आ गया। मार्च में उसकी बोर्ड की परीक्षा होनी थी। इसलिए मां कुसुम ने उसे कोचिंग भेजा था।




सागर की तीन बहनें हैं। बड़ी बहन सोनम की शादी हो चुकी है। मां की तेरहवीं करने आए संजय सिंह को क्या पता था कि उन्हें बेटे का भी अंतिम संस्कार करना होगा। हत्या करने का आरोपी छात्र 11वीं में पढ़ता है। तीन दिन पहले उसने कोचिंग में जाना शुरू किया था। जबकि सागर का बुधवार को कोचिंग में पहला दिन था।
विज्ञापन

वाहनों का रूट कराया डायवर्ट
छात्र की हत्या से आक्रोशित लोगों ने चिलबिला-पट्टी मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे वाहनों की कतार लग गई। यह देख पुलिस वाहनों को दीवानगंज, जगदीशगढ़ के रास्ते शीतलागंज भेजने लगी। करीब डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।




आशनाई व विवाद में छात्र की हत्या का राज खोज रही पुलिस
कंधई थाना क्षेत्र के दीवानगंज में कोचिंग सेंटर के गेट पर चाकू से प्रहार कर छात्र की हत्या की वजह खंगालने में पुलिस माथापच्ची करती रही। पूर्व में हुए विवाद व आशानाई के बारे में छानबीन कर रही पुलिस के हाथ मोबाइल से कुछ अहम सुराग मिले हैं।




कॉलेज के छात्रों के अनुसार, आरोपी छात्र व मृतक के बीच तीन-चार दिन पहले किसी लड़की के मामले को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें कुछ लोगों ने आरोपी छात्र को पीट दिया था। इस घटना का वीडियो भी बना था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों से घटना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है। अभी तक की जांच में हत्या की वजह आशनाई ही निकलकर आ रही है। हालांकि पुलिस अभी कुछ भी बताने के लिए तैयार नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें