प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर विरोध-प्रदर्शन करने वाले सपा नेताओं संग कर्मचारी नेता को पुलिस ने घर में ही नजरबंद कर दिया। दिलीपपुर पुलिस सपा नेता को थाने लाकर बैठा दिया।
राजकीय इंटर कॉलेज में बृहस्पतिवार को भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क रहा। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के मरुआन निवासी सपा नेता अरविंद यादव को बुधवार देर शाम पुलिस अपने साथ थाने ले गई। अरविंद पूर्व में सीएम योगी को काला झंडा दिखाकर विरोध प्रदर्शन करने में जेल जा चुके हैं। ऐसे में पुलिस की उन पर खास नजर रही।
वहीं दूसरी ओर लीलापुर थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने बहलोलपुर में सपा के जिला उपाध्यक्ष वासिक खान को विरोध प्रदर्शन की आशंका में घर में ही नजरबंद कर दिया।
इसके अलावा यूथ ब्रिगेड जिला अध्यक्ष साजिद अली, सयुस जिलाध्यक्ष संजीव पटेल, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिला महासचिव विशाल मौर्या अंकुर, राजेंद्र पाल, जुनैद खान, संजय यादव को भी घर में पुलिस ने रोके रखा है। सभी को चुनाव प्रचार करने के लिए भी घर से नहीं निकलने दिया गया। इससे सपाइयों में आक्रोश है।
इसके अलावा पुरानी पेंशन बचाओ के संयोजक रमाशंकर तिवारी को भी पुलिस प्रशासन ने घर में ही रहने को कहा। उन पर निगरानी के लिए घर के बाहर पुलिसकर्मी लगा दिए गए।
प्रशासन को अंदेशा था कि ये लोग प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके अलावा भी पुलिस कई सपा व कर्मचारी नेता की टोह लेती रही हालांकि वे घर पर नहीं मिले। सदर विकास खंड के सराय महिमा गांव के प्रधान संदीप सिंह को पुलिस ने घर में नजरबंद रखा।