नगर कोतवाली क्षेत्र के संग्रामपुर में नशे की हालत में देवर ने भाभी गायत्री को लकड़ी के टुकड़े से पीट दिया। प्रयागराज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। खबर मिलने पर परिजन रोने बिलखने लगे। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी देवर के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। संग्रामपुर निवासी दिलीप दुबे किसानी कर परिवार का गुजर-बसर करते हैं। उसका भाई वेदप्रकाश दुबे ऑटो चलाता है। ग्रामीणों के अनुसार 25 जनवरी की रात वेद प्रकाश शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचने के बाद परिवार और दूसरे लोगों को गालियां देने लगा। यह देख दिलीप की 40 वर्षीय पत्नी गायत्री विरोध करने लगी। अचानक घर के बाहर पड़े लकड़ी के टुकड़े को लेकर वेद प्रकाश अपनी भाभी की पिटाई शुरू कर दी। इससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी।
आनन-फानन में परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर देख चिकित्सक ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां मंगलवार देर शाम उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर लौट आए। घटना को लेकर बुधवार को देहात कोतवाली के रामपुर गौरी निवासी मृतका के भाई अरविंद मिश्र ने उसके देवर वेदप्रकाश पर गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई।
सीओ सिटी प्रशांत राज ने बताया कि घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा है। उसकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।