क्षेत्र पंचायत समिति में त्रिस्तरीय कमेटी के गठन के बाद आयोजित पहली बैठक में जमकर हंगामा हुआ। बीडीसी सदस्यों ने यह कहते हुए वाकआउट किया कि त्रिस्तरीय कमेटी गठित करने में उनकी सहमति क्यों नहीं ली गई। इसकी खबर मिलते ही आनन-फानन में पहुंचे विधायक धीरज ओझा ने किसी प्रकार सदस्यों को मनाया और विश्वास दिलाया कि उनकी सहमति के बगैर अब कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को गौरा क्षेत्र पंचायत समिति की पहली बैठक बुलाई गई थी। सदन की कार्रवाई प्रारंभ होते ही बीडीसी सदस्य कन्हैयालाल कनौजिया, हरिशंकर दुबे और रामपाल यादव अपने स्थान पर खड़े होकर त्रिस्तरीय कमेटी में शामिल सदस्यों पर आपत्ति जताने लगे। सदस्यों का कहना था कि त्रिस्तरीय कमेटी के गठन होने के पहले उनसे सलाह क्यों नहीं ली गई। यह कहते हुए तीनों सदस्य सदन का वाकआउट करते हुए बाहर निकल आए। इसकी सूचना रानीगंज विधायक धीरज ओझा को मिलते ही ब्लॉक पहुंचे और तीनों सदस्यों को मनाने के बाद सदन में लेकर पहुंचे। विधायक ने सदस्यों को विश्वास दिलाया है कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आएगी। प्रत्येक गांव का विकास, प्रधान और बीडीसी सदस्यों के मान-सम्मान की रक्षा करने का विश्वास दिलाया। सदन में सदस्यों से कार्य का प्रस्ताव मांगा गया। इस मौके पर अध्यक्ष वेदप्रकाश सिंह, राकेश सरोज, रोहित तिवारी, बीडीओ विकास शुक्ला, कमलेश शुक्ला, नीरज ओझा, संतोष यादव आदि मौजूद रहे।