6.56 लाख रुपये और गहने बरामद, चोरी के दो आरोपी भेजे गए जेल
संडवा चंद्रिका। अंतू के सिंघड़ी मोड़ के पास से पुलिस ने चोरी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी किए गए 6.56 लाख रुपये और लाखों के जेवरात बरामद किए।
अंतू के कोलबजरडीह गांव निवासी धानू देवी के घर में नौ दिसंबर की रात चोर छत के रास्ते अंदर घुसे थे। आलमारी और बॉक्स का ताला तोड़कर सात लाख रुपये नकद और लाखों के जेवरात लेकर भाग निकले थे। शनिवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस सिंघनी मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों को रोका तो वे भागने लगे। पुलिस ने दौड़ाकर उन्हें पकड़ लिया। थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई तो आरोपियों ने चोरी करने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर रुपये और जेवर बरामद किए गए। पुलिस ने लीलापुर के तिना चितरी निवासी रामकुमार वर्मा और लालगंज के सराय जगत निवासी अनुज वर्मा को चोरी के मामले में कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया। संवाद