बीएसएनएल अपनी सेवाओं को भले ही बहाल करने का दावा कर रहा है, मगर आलम यह है कि अभी भी ग्राहकों की समस्याएं बरकरार हैं। मोबाइल से रुक-रुक कर नेटवर्क गायब होने के साथ ही ब्राडबैंड सेवा भी ठप रही। शनिवार को एटीएम से रुपये नहीं मिलने से भी ग्राहक परेशान रहे। फिलहाल देरशाम तक अफसरों की टीम बीएसएनएल की सेवा को बहाल करने में जुटी रही।
शहर के दहिलामऊ स्थित बीएसएनएल एक्सचेंज में पांच मई को आग लगने से सभी उपकरण जलकर राख हो गए थे। इससे मोबाइल, पीएनटी के साथ ब्राडबैंड सेवा भी बाधित हो गई थी। सप्ताह भर से लखनऊ, इलाहाबाद और वाराणसी से आए इंजीनियर समस्या को दूर करने में जुटे हुए हैं, मगर अभी तक संचार सेवाएं पूरी तरह बहाल नहीं हो पाई हैं। इससे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को भी मोबाइल पर नेटवर्क आता-जाता रहा। दोपहर में ब्राडबैंड सेवा पूरी तरह ध्वस्त हो गई। इससे राष्ट्रीयकृत बैंकों के एटीएम ठप हो गए। इससे ग्राहकों को निराश होना पड़ा। विभागीय अधिकारी जहां संचार सेवाओं को बहाल करने में जुटे रहे, वहीं ग्रामीण इलाके के बीटीएस चालू करने में अधिकारी फेल रहे हैं। किठावर बाजार में लगा बीटीएस सप्ताह भर से ठप है।
इससे स्थानीय बीओबी पूरबगांव में लेन-देन प्रभावित है। स्थानीय ग्राहकों ने अधिकारियों से शिकायत की, मगर इसके बावजूद अभी तक बीटीएस चालू नहीं किया गया है। टीडीएम बीपी शर्मा ने बताया कि जो भी कमी है उठे ठीक किया जा रहा है, फिलहाल संचार सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गई हैं।